Raigarh Truck Accident: रायगढ़ में भीषण हादसा: उफनते नाले में समा गया ट्रक, रेस्क्यू में खुला खौफनाक मंजर; केबिन में पिचक गया ड्राइवर; काटकर निकाला शव

Raigarh Truck Accident: रायगढ़ में भीषण हादसा: उफनते नाले में समा गया ट्रक, रेस्क्यू में खुला खौफनाक मंजर; केबिन में पिचक गया ड्राइवर; काटकर निकाला शव

रायगढ़, 14 सितंबर। Raigarh Truck Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर आ रहा तेज रफ्तार ट्रक रविवार सुबह सरिया नाला पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 70 फीट नीचे उफनते नाले में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक गहरे पानी में पूरी तरह डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा।

हादसे के बाद ट्रक चालक का कोई पता नहीं चल रहा था। पुलिस और ग्रामीणों को आशंका थी कि चालक पानी के तेज बहाव में बह गया होगा या हादसे के दौरान जान बचाने के लिए ट्रक से बाहर कूद गया होगा। इसी आशंका के चलते रेस्क्यू टीम ने नाले और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की।

घंटों चला रेस्क्यू, गोताखोरों ने खंगाला नाला

चालक की तलाश के लिए गोताखोरों की दो टीमों को नाले में उतारा गया। टीमों ने घंटों पानी के भीतर और आसपास के तटीय क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन चालक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से नाले में डूबे ट्रक को बाहर निकालने का फैसला किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को पानी से बाहर निकालकर सीधा किया गया।

ट्रक का केबिन चिपका, अंदर दबा मिला शव

ट्रक बाहर आने के बाद हादसे की भयावह तस्वीर सामने आई। करीब 70 फीट नीचे गिरने के कारण ट्रक का लोहे का केबिन बुरी तरह चिपक गया था। इसी केबिन के अंदर चालक का शव दबा हुआ मिला। केबिन की हालत इतनी खराब थी कि शव को सीधे बाहर निकालना संभव नहीं था। इसके बाद गैस कटर की मदद से ट्रक का केबिन काटा गया और चालक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है।

चिराईपानी और खरसिया में भी हुए हादसे

रायगढ़ जिले में हाल के दिनों में भारी वाहनों से जुड़े हादसे सामने आए हैं। 8 जुलाई को रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर चिराईपानी के पास एक ट्रेलर नाले में गिर गया था, हालांकि उस हादसे में चालक को बचा लिया गया था। वहीं शनिवार को खरसिया में एक अनियंत्रित ट्रेलर तीन मकानों में जा घुसा था। हादसे में चार बाइक भी आग की चपेट में आ गई थीं। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बाद जिले में तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।

About The Author

छत्तीसगढ