रायपुर, 25 सितंबर। Yuva CAIT Mega Health Camp: व्यापारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से युवा कैट की ओर से ‘स्वास्थ्य भी, व्यापार भी’ अभियान के तहत रायपुर में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। 24 सितंबर को हीरा आर्केड, पंडरी स्थित CAIT कार्यालय में आयोजित शिविर में सैकड़ों व्यापारियों, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और उनके परिवारों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई। इसके साथ ही सिटी ब्लड बैंक की ओर से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी निःशुल्क सेवाएं
युवा कैट और मेडिश्योर हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मेडिसिन, हेमेटोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, स्त्रीरोग, पेन मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, डायबेटोलॉजी और लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सेवाएं दीं। कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने कहा कि स्वस्थ व्यापारी ही स्वस्थ परिवार और मजबूत व्यापार की नींव रख सकता है। उन्होंने व्यापारिक गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
‘स्वास्थ्य भी, व्यापार भी’ का संदेश
युवा कैट के प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल और प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह ने कहा कि व्यापार की निरंतर प्रगति के साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न व्यापारी एसोसिएशनों के पदाधिकारी, सदस्य, व्यापारी और उनके परिवार शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार शिविर में रायपुर के साथ-साथ अभनपुर, कुरूद, धमतरी, कांकेर, तिल्दा, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
अमर पारवानी का जन्मदिन भी मनाया गया
कार्यक्रम के दौरान CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी का जन्मदिन भी प्रदेश कार्यालय में केक काटकर मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और कैट से जुड़े सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, CSIDC अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से व्यापारिक समुदाय को नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

