Raipur Chamber Campaign: दिवाली से पहले चैंबर का बड़ा अभियान शुरू, ‘आया त्योहार, चलो बाजार’ से स्वदेशी व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

Raipur Chamber Campaign: दिवाली से पहले चैंबर का बड़ा अभियान शुरू, ‘आया त्योहार, चलो बाजार’ से स्वदेशी व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर, 27 अक्टूबर। Raipur Chamber Campaign: दीपावली और अन्य त्योहारों से पहले छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए प्रदेशव्यापी महा-अभियान ‘आया त्योहार, चलो बाजार-रोशन बाजार, समृद्ध व्यापार’ की शुरुआत की। 27 अक्टूबर 2026 को रायपुर के मटकी लाइन, गोल बाजार से चेंबर के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में इस अभियान का शुभारंभ किया गया।

अभियान का उद्देश्य स्थानीय दुकानदारों, कुम्हारों और स्वदेशी उत्पाद निर्माताओं को प्रोत्साहित करना तथा त्योहारी सीजन में पारंपरिक बाजारों में खरीदारी को बढ़ावा देना है। शुभारंभ के अवसर पर चेंबर पदाधिकारियों ने स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये और स्वदेशी उत्पाद खरीदकर अभियान की शुरुआत की।

‘ऑनलाइन स्क्रीन नहीं, बाजारों की चहल-पहल से त्योहारों की रौनक’

चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि त्योहारों की असली रौनक पारंपरिक बाजारों की चहल-पहल में है। स्थानीय बाजार मजबूत होंगे तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि दीपावली पर घर-आंगन को स्थानीय कुम्हारों के मिट्टी के दीयों से रोशन करें और जरूरत का सामान स्थानीय दुकानदारों तथा स्वदेशी निर्माताओं से खरीदें।

रायपुर के प्रमुख बाजारों का दौरा करेगा चेंबर

त्योहारी सीजन में बाजारों की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए चेंबर का विशेष प्रतिनिधिमंडल रायपुर के प्रमुख और व्यस्त बाजारों का दौरा एवं निरीक्षण करेगा। इसका उद्देश्य व्यापारियों और खरीदारी करने आने वाले नागरिकों को होने वाली परेशानियों को दूर करने में सहयोग करना है। चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय किया जाएगा। व्यापारियों से भी व्यावसायिक नियमों का पालन करने और सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई है, ताकि ग्राहकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल मिल सके।

गोल बाजार के तीन व्यापारियों को चेंबर में नई जिम्मेदारी

अभियान के शुभारंभ के दौरान चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने गोल बाजार के विवेकानंद गुप्ता, कलीराम साहू और मोहम्मद अजीज ममदानी को चेंबर का नया मंत्री मनोनीत किया। चेंबर पदाधिकारियों ने व्यापारियों और प्रदेशवासियों से एकजुट होकर स्वदेशी अभियान को सफल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में चेंबर के कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुन्दरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, राजेश वासवानी, गोल बाजार पार्षद एवं एमआईसी सदस्य मुरली शर्मा, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, राजकुमार तारवानी, दिलीप इसरानी, प्रकाश लालवानी, मनीष प्रजापति, राजेश गिदवानी, राजकुमार राठी, मंत्री प्रशांत गुप्ता, भरत पमनानी, पंकज जैन, सतीश बागड़ी, गुलाब चन्द्र साहू, महिला चेंबर अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता, कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल, मर्चेंट एसोसिएशन गोल बाजार के अध्यक्ष सतीश जैन, महामंत्री कलीराम साहू सहित अनेक व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

व्यापार