रायपुर, 12 नवंबर। World Thai Boxing Championship: छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। रायपुर की खिलाड़ी प्रियंका साहू तृतीय वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता में प्रियंका 40 किलोग्राम भार वर्ग में चुनौती पेश करेंगी। खास बात यह है कि इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ से प्रियंका एकमात्र खिलाड़ी के रूप में शामिल होंगी। यह प्रतियोगिता 13 से 15 नवंबर 2026 तक गोवा के मापुसा स्थित बॉक्सिंग हॉल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पीडिम में आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन थाई बॉक्सिंग इंडियन फेडरेशन (TIF) द्वारा वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है।
टिकेश्वरी साहू को मिली बड़ी जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ के लिए एक और उपलब्धि यह है कि दंतेवाड़ा के एकलव्य खेल परिसर, जावंगा, गीदम में पदस्थ खेल एवं युवा कल्याण विभाग की कोच टिकेश्वरी साहू को चैंपियनशिप के लिए फीमेल टेक्निकल पैनल प्रभारी नियुक्त किया गया है। थाई बॉक्सिंग इंडियन फेडरेशन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। टिकेश्वरी साहू एशियन रेफरी भी हैं और छत्तीसगढ़ थाई बॉक्सिंग दल का नेतृत्व कर रही हैं।
छत्तीसगढ़ का दल गोवा के लिए रवाना
छत्तीसगढ़ थाई बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष अनीस मेमन के मार्गदर्शन में राज्य का दल 12 नवंबर को गोवा के लिए रवाना हुआ। दल में खिलाड़ी प्रियंका साहू के साथ रेफरी एवं फीमेल टेक्निकल पैनल प्रभारी टिकेश्वरी साहू और मैनेजर पूनम साहू शामिल हैं। रवाना होने से पहले थाई बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के परिजनों ने पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर दल के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ के खेल जगत में खुशी की लहर
अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रियंका साहू की भागीदारी और टिकेश्वरी साहू को मिली तकनीकी जिम्मेदारी को छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनीस मेमन और महासचिव लखन कुमार साहू ने दल के सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं।

