Krishak Unnati Yojana : 25.28 लाख से अधिक किसानों को 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता, 28 फरवरी को खातों में आएगी राशि

Krishak Unnati Yojana : 25.28 लाख से अधिक किसानों को 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता, 28 फरवरी को खातों में आएगी राशि

रायपुर, 16 नवंबर 2026। Krishak Unnati Yojana : छत्तीसगढ़ सरकार कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत 25 लाख 28 हजार से अधिक पंजीकृत धान एवं धान बीज उत्पादक किसानों को बड़ी आर्थिक सौगात देने जा रही है। राज्य शासन ने 28 फरवरी 2026 को किसानों के बैंक खातों में 10,324 करोड़ रुपये से अधिक की आदान सहायता राशि सीधे अंतरित करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में बिल्हा, जिला बिलासपुर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा। इसी समय प्रदेश के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बिल्हा में होगा मुख्य कार्यक्रम, 20 हजार किसानों के जुटने की संभावना

राज्यस्तरीय कार्यक्रम के लिए बिलासपुर जिले के विकासखंड बिल्हा में आयोजन स्थल निर्धारित किया गया है। यहां न्यूनतम 20 हजार किसानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थल का चयन इस तरह किया जाएगा, जिससे किसानों को आने-जाने में परेशानी न हो। साथ ही पेयजल और धूप से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।

विकासखंड स्तर पर भी जुटेंगे दो-दो हजार किसान

प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कम से कम दो हजार किसानों की उपस्थिति संभावित है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर उपयुक्त स्थल का चयन कर किसानों की सुविधा के अनुरूप व्यवस्थाएं की जाएंगी। विकासखंड स्तरीय कार्यक्रमों में विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि अथवा कार्यक्रम की अध्यक्षता के लिए आमंत्रित करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जिले के प्रभारी मंत्री से समन्वय किया जाएगा।

सभी विकासखंडों में होगा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

बिल्हा में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में किया जाएगा। इसके लिए आयोजन स्थलों पर आवश्यक दृश्य-श्रव्य उपकरण और तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसान मुख्यमंत्री के संबोधन और कार्यक्रम की गतिविधियों को सीधे देख और सुन सकें।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किसानों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कुछ लाभार्थी किसानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे बातचीत भी करेंगे। इसके लिए प्रत्येक जिले में एक चयनित स्थल पर आवश्यक तकनीकी और अन्य व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएंगी। चयनित स्थलों की जानकारी अलग से उपलब्ध कराई जाएगी।

यातायात और आम नागरिकों की सुविधा का भी रखा जाएगा ध्यान

शासन ने आयोजन स्थलों के चयन में किसानों के आवागमन के साथ आम नागरिकों की दैनिक आवाजाही और सार्वजनिक परिवहन को भी ध्यान में रखने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के कारण किसी भी क्षेत्र में सामान्य यातायात बाधित न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। सभी जिलों और विकासखंडों में कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।

About The Author

छत्तीसगढ