कोरबा, 19 नवंबर। School Students Drug Consumption: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली विद्यार्थियों से जुड़ा एक मामला सामने आने के बाद शिक्षा महकमे में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ छात्र-छात्राएं कथित तौर पर शराब, सिगरेट और गांजे का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आते ही स्कूल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है। प्राचार्य ने दो छात्राओं और पांच छात्रों सहित कुल सात विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) जारी करने का नोटिस दिया है।
वायरल वीडियो में नशा करते नजर आए विद्यार्थी
यह पूरा मामला पाली विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल धतूरा का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो 14 नवंबर का है। इसमें कक्षा 9वीं की दो छात्राएं कथित तौर पर शराब और सिगरेट का सेवन करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, पांच छात्र स्कूल परिसर से बाहर जाकर गांजे का सेवन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग में मामले को लेकर गंभीरता बढ़ गई।
बैठक के बाद 7 विद्यार्थियों पर कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल के प्राचार्य बलभद्र सिंह ने स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) और संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ बैठक की। इस बैठक में पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की गई। इसके बाद दो छात्राओं और पांच छात्रों को TC देने के संबंध में नोटिस जारी किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई जानकारी
स्कूल प्रबंधन ने इस मामले से जिला शिक्षा अधिकारी को भी अवगत कराया है। इसके लिए विभाग को पत्र भेजा गया है। हालांकि, इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल वायरल वीडियो और स्कूल प्रबंधन की कार्रवाई को लेकर मामला चर्चा में है।

