रायपुर, 20 नवंबर। Changes in CG Congress: छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने प्रदेश में तैनात प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए नई टीम को मैदान में उतारा है। नए फैसले के तहत विजय जांगिड और संपत कुमार को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को प्रदेश का नया AICC सचिव नियुक्त किया गया है।
वहीं, जरिता लैतफलांग को भी छत्तीसगढ़ के प्रभार से हटाकर पूर्वोत्तर राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस के इस फैसले के बाद प्रदेश संगठन में अब नए प्रभारी सचिवों के साथ कामकाज आगे बढ़ेगा। पार्टी महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और कांग्रेस के अलग-अलग संगठनात्मक विभागों में सचिवों की नई नियुक्तियों तथा जिम्मेदारियों में बदलाव की घोषणा की गई है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
छत्तीसगढ़ में जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को नई जिम्मेदारी
AICC की ओर से जारी नई सूची में छत्तीसगढ़ के लिए जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह के नाम शामिल हैं। दोनों नेताओं को प्रदेश में सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले विजय जांगिड और संपत कुमार राज्य में प्रभारी सचिव के रूप में काम कर रहे थे। इसके अलावा जरिता लैतफलांग को छत्तीसगढ़ से हटाकर नॉर्थ ईस्ट राज्यों का दायित्व दिया गया है। इस बदलाव को प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण फेरबदल माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के नेताओं को ओडिशा और गुजरात का जिम्मा
कांग्रेस के इस संगठनात्मक पुनर्गठन में छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों में भी अहम भूमिका दी गई है। युवा नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। इसी तरह नरेश ठाकुर को गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने इन नियुक्तियों के जरिए दूसरे राज्यों में भी संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में बदलाव किया है।
देवेंद्र यादव और राजेश तिवारी की भी हुई छुट्टी
AICC की नई सूची में कुछ मौजूदा पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से हटाया गया है। भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव अब गुजरात PCC के प्रभारी सचिव नहीं रहेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे राजेश तिवारी को भी इस पद से हटा दिया गया है।
कई राज्यों में कांग्रेस ने बदली संगठन की टीम
कांग्रेस का यह फेरबदल केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी नई नियुक्तियां की हैं। AICC के इस फैसले से राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में व्यापक बदलाव देखने को मिला है।





