Cyclone Akvan: ब्रेकिंग! चक्रवात से फसलें बर्बाद हुईं तो किसानों को मिलेगा मुआवजा, CM साय ने कलेक्टरों को दिए निर्देश; यहां सुनिए VIDEO

Cyclone Akvan: ब्रेकिंग! चक्रवात से फसलें बर्बाद हुईं तो किसानों को मिलेगा मुआवजा, CM साय ने कलेक्टरों को दिए निर्देश; यहां सुनिए VIDEO

रायपुर, 20 नवंबर। Cyclone Akvan: चक्रवाती तूफान अकवान का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी फसलों को संभावित नुकसान की आशंका के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। फसलें प्रभावित होने पर नुकसान का आकलन कर नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से कृषि उपज को होने वाली क्षति पर नजर रखने और वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए सभी जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिन इलाकों में बारिश और तूफान के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिलेगी, वहां प्रशासनिक स्तर पर सर्वे कराया जाएगा।

सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना और शासन के निर्धारित मुआवजा प्रावधानों के तहत राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और नुकसान की स्थिति में सरकार हरसंभव मदद करेगी।

पहले भी नुकसान पर किसानों को मिली थी सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी प्रदेश में चक्रवाती परिस्थितियों के कारण कृषि फसलों को नुकसान पहुंचा था। उस समय भी प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में क्षति का आकलन किया था और पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई गई थी। इसी तरह इस बार भी स्थिति का आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए कदम उठाए जाएंगे। सीएम साय के इस आश्वासन से बारिश और चक्रवात के कारण फसल नुकसान की आशंका से परेशान किसानों को राहत की उम्मीद जगी है। अब प्रशासन की नजर मौसम के प्रभाव और खेतों में फसलों की वास्तविक स्थिति पर रहेगी।

About The Author

छत्तीसगढ ब्रेकिंग न्यूज़