रायपुर, 20 नवंबर। AICC Secretary Reshuffle: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में राष्ट्रीय स्तर पर हुए संगठनात्मक बदलाव का असर अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी दिखाई देने लगा है। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने के बाद प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इस विवाद को और हवा दे दी है। वहीं भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी पर निशाना साधा है, जबकि कांग्रेस ने इसे पार्टी का आंतरिक विषय बताया है।
दरअसल, AICC ने संगठन में बदलाव करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सचिवों और संयुक्त सचिवों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। इस प्रक्रिया में देवेंद्र यादव के साथ विजय जांगिड समेत कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है। इसी घटनाक्रम के बाद छत्तीसगढ़ में राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया।
मनीष बंछोर की पोस्ट ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर ने सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी साझा की। उन्होंने लिखा, ‘बाप तो आखिर बाप होता है। जिस डाल पर बैठे हो उसी को काटोगे तो गिरना तय है। इति सिद्धम।’ इस पोस्ट को राजनीतिक गलियारों में देवेंद्र यादव की ओर इशारे के रूप में देखा जा रहा है। भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच कथित राजनीतिक दूरी को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में AICC की जिम्मेदारी से यादव को हटाए जाने के बाद आई इस टिप्पणी ने प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

संतोष पांडेय का तंज, कांग्रेस में गुटबाजी का लगाया आरोप
भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस के संगठनात्मक बदलाव को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शायराना अंदाज में पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस आपसी खींचतान और गुटीय संघर्ष में उलझी हुई है। उनके बयान का निशाना भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू और देवेंद्र यादव के बीच बताए जा रहे राजनीतिक समीकरण रहे। पांडेय ने देवेंद्र यादव को जिम्मेदारी से हटाए जाने को उनके राजनीतिक पतन से जोड़ते हुए कटाक्ष किया। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।
कांग्रेस का पलटवार, नियुक्तियों को बताया पार्टी का आंतरिक विषय
भाजपा सांसद के आरोपों पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में पदाधिकारियों की नियुक्ति और जिम्मेदारियों में बदलाव कांग्रेस का आंतरिक मामला है। इस पर भाजपा नेताओं को टिप्पणी करने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज पर ध्यान देना चाहिए। शुक्ला ने भाजपा सांसद पर पलटवार करते हुए धान खरीदी से जुड़ी किसानों की परेशानियों, पटवारियों की जारी हड़ताल और डीएड अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज जैसे मुद्दे उठाए। उनका आरोप है कि इन विषयों पर भाजपा सांसद जवाब देने से बचते हैं, लेकिन कांग्रेस के संगठनात्मक फैसलों पर टिप्पणी करने में रुचि दिखा रहे हैं।

AICC के फेरबदल के बाद शुरू हुई यह बयानबाजी अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गई है। एक ओर भाजपा इसे कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान से जोड़ रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए संगठनात्मक बदलाव को अपना आंतरिक निर्णय बताया है।

