Seva Samvad Yatra : विधायक अनुज शर्मा की ‘सेवा संवाद यात्रा’ को सीएम साय ने दिखाई हरी झंडी, धरसींवा के 144 गांवों तक पहुंचेगा जनसंपर्क अभियान; 21.86 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

Seva Samvad Yatra : विधायक अनुज शर्मा की ‘सेवा संवाद यात्रा’ को सीएम साय ने दिखाई हरी झंडी, धरसींवा के 144 गांवों तक पहुंचेगा जनसंपर्क अभियान; 21.86 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

धरसींवा, 22 नवंबर 2026। Seva Samvad Yatra : जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा आज से क्षेत्र के 144 गांवों की 25 दिवसीय व्यापक ‘सेवा संवाद यात्रा’ पर निकल पड़े हैं। यात्रा का औपचारिक शुभारंभ ग्राम चरौदा स्थित प्राचीन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण से हुआ, जहाँ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विशिष्ट अतिथि जशपुर राजपरिवार के प्रमुख व पूर्व राज्यसभा सांसद राजा श्री रणविजय सिंह जूदेव ने विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पारंपरिक रीति-रिवाजों से हुआ मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन

कार्यक्रम स्थल पहुँचने पर क्षेत्र के विभिन्न समाजों के प्रमुखों एवं ग्रामवासियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ प्रदेश के मुखिया श्री विष्णु देव साय का आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक लोक नृत्यों की छटा के बीच ग्रामीणों में अपने मुख्यमंत्री और विधायक के प्रति भारी उत्साह देखने को मिला।

धरसींवा को मिली ₹21.86 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से कुल ₹21.86 करोड़ की लागत से होने वाले 8 प्रमुख निर्माण कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • मांढर विद्युत उपकेन्द्र विस्तार: ₹679.17 लाख
  • मांढर शाखा नहर भूमिगत निर्माण कार्य: ₹490.13 लाख
  • छछानपहरी से (नकटी) कुम्हारी मार्ग निर्माण (2.35 किमी): ₹456.85 लाख
  • भाटापारा शाखा नहर निर्माण कार्य: ₹410.17 लाख
  • कुरूद (सिलयारी) में महतारी सदन एवं कौशल विकास केन्द्र: ₹50.00 लाख
  • नगरगांव में कौशल विकास केन्द्र निर्माण: ₹40.00 लाख
  • चरौदा में बस स्टैंड, डी-वॉट, बालिका शौचालय एवं बकरी शेड निर्माण: ₹30.19 लाख
  • मांढर में महतारी सदन निर्माण: ₹30.00 लाख
    इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में सिंचाई, बिजली, सड़क और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।

विधायक की मांगों पर मुख्यमंत्री की मुहर, मंच से कीं दो बड़ी घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़ी प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इन्हें सहर्ष स्वीकार किया और मंच से ही दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—पहली, ग्राम चरौदा में मंगल भवन निर्माण तथा दूसरी, प्राचीन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक लगाने की घोषणा।

जनसेवा और सुशासन का नया मॉडल है यह यात्रा: मुख्यमंत्री साय

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विधायक अनुज शर्मा की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा, “कला और संस्कृति के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने के बाद आज अनुज शर्मा जी जनसेवा के क्षेत्र में भी उसी समर्पण और ऊर्जा के साथ कार्य कर रहे हैं। एक जनप्रतिनिधि का असली धर्म यही होता है कि वह जनता के बीच रहे और उनके सुख-दुख को साझा करे। 25 दिनों में 144 गांवों तक जनता से सीधा संपर्क साधने का यह संकल्प कोई साधारण बात नहीं है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि विधायक अनुज शर्मा जी की यह ‘सेवा संवाद यात्रा’ न केवल धरसींवा के विकास को नई गति देगी, बल्कि जनसंपर्क और सुशासन के मामले में पूरे प्रदेश के लिए एक उदाहरण बनेगी। “मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करने में ऐसी यात्राएं मील का पत्थर साबित होती हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में जनचौपाल में शामिल होकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं। संबोधन के अंत में उन्होंने यात्रा की सफलता के लिए विधायक श्री शर्मा और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुँचाना ही मेरा संकल्प: अनुज शर्मा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने कहा, “आज मेरे जनसेवा सफर का एक अत्यंत ऐतिहासिक दिन है। जब मैं अपने क्षेत्र के 144 गांवों की 25 दिवसीय ‘सेवा संवाद यात्रा’ पर निकल रहा हूँ, तो मुझे आशीर्वाद देने और इस यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए स्वयं हमारे मुखिया माननीय विष्णु देव साय जी यहाँ पधारे हैं। माननीय मुख्यमंत्री जी का यहाँ आना केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की सरकार गांव, गरीब और किसान के प्रति कितनी समर्पित है। “उन्होंने आगे कहा, “हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की डबल इंजन सरकार ने महतारी वंदन योजना, धान खरीदी, पीएम आवास और सुशासन की जो ऐतिहासिक सौगातें दी हैं, उनका लाभ गांव के आखिरी व्यक्ति तक पहुँचा है या नहीं—यह सुनिश्चित करना मेरा लक्ष्य है। कोई भी ग्रामवासी अपनी समस्या लेकर न भटके, इसके लिए हर पंचायत में ‘जनचौपाल’ लगेगी। भगवान मुक्तेश्वर महादेव की कृपा और माननीय मुख्यमंत्री जी के आशीर्वाद से आज यह रथ चल पड़ा है। यह यात्रा किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि धरसींवा के स्वाभिमान, विकास और विश्वास की यात्रा है। धरसींवा की पावन धरती और इन 144 गांवों के प्रत्येक नागरिक की ओर से मैं आपका कोटि-कोटि आभार व्यक्त करता हूँ एवं अभिनंदन करता हूँ। आपने जो विश्वास मुझ पर जताया है और इस क्षेत्र के विकास के लिए जो बड़ी-बड़ी सौगातें दी हैं, उसके लिए धरसींवा सदैव आपका आभारी रहेगा।”

25 दिन का महाजनसंपर्क: प्रतिदिन 5 से 6 गांवों की दहलीज पर दस्तक देंगे विधायक

इस 25 दिवसीय जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा के अनुसार, विधायक अनुज शर्मा प्रतिदिन औसतन 5 से 6 गांवों का सघन दौरा कर रहे हैं। विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुँचकर वे स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। यात्रा के तहत ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों तथा विकास कार्यों की उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी जा रही है, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

सीधी सुनवाई, त्वरित कार्रवाई: गांव की चौपाल पर ही हल हो रहीं जनसमस्याएं

यात्रा के पहले दिन विभिन्न ग्राम पंचायतों में भ्रमण के दौरान विधायक श्री शर्मा ने जगह-जगह ‘जनचौपाल’ का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी स्थानीय समस्याएं, मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें और व्यक्तिगत परेशानियां उनके समक्ष रखीं। विधायक ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए।

‘सेवा सदन’ में बिखरी अपनत्व की चमक, दिवाली मिलन में क्षेत्रवासियों संग साझा कीं खुशियां

सेवा संवाद यात्रा के दौरान विधायक अनुज शर्मा धरसींवा स्थित ‘सेवा सदन’ में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में भी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों से भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं साझा कीं। समारोह में क्षेत्र के विकास और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। आगामी 25 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के माध्यम से विधायक विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत तक पहुँचकर प्रशासन और जनता के बीच सीधा समन्वय स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, सुरेंद्र पाटनी,श्याम नारंग,अंजय शुक्ला, नवीन अग्रवाल,संदीप यदु,लखन धीवर,देवजी भाई पटेल,वेदराम मनहरे,शकुन्तला ढिलेन्द्र सेन अशोक सिन्हा,यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर सहप्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा,नरेंद्र ठाकुर, रूखमनी वर्मा,चंद्रशेखर शुक्ला,गोपेश साहू, रॉबिन साहू, पिंटू साहू, निहाल सिंह वर्मा,रश्मि वर्मा, अमरीका वर्मा, बी.आर. गौतम, अश्वनी वर्मा, शिव शंकर वर्मा, नत्थू युद, राजीव अग्रवाल, रामखिलावन वर्मा, संदीप यदु, सोहन धीवर, सुरेन्द्र वर्मा, गोविंद साहू, सुनीता अनिल सोनी, सुमीत सेन, संतोषा वर्मा , भूपेन्द्र कसार, पुरूषोत्तम यादव, हेमंत वर्मा, मो. यूनुस खान, तिहारू सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्तागण व ग्राववासी उपस्थित रहें

About The Author

छत्तीसगढ