Rent-a-Boyfriend : किराए के प्यार ने छू लिया दिल…! ‘यूट्यूबर सारा’ ने इस अनोखे ट्रेंड का अनुभव अपने चैनल पर किया साझा…आप भी यहां देखें VIDEO
टोक्यो, 12 सितंबर। Rent-a-Boyfriend : बदलती दुनिया में जहां अकेलापन एक आम सामाजिक चुनौती बन चुका है, वहीं जापान जैसे विकसित देशों में ‘रेंट-ए-बॉयफ्रेंड’ और ‘रेंट-ए-गर्लफ्रेंड’ जैसी सेवाएं तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। ये सेवाएं न केवल अस्थायी साथ प्रदान करती हैं, बल्कि लोगों को भावनात्मक जुड़ाव का एक विकल्प भी देती हैं।
हाल ही में टोक्यो में रह रही ऑस्ट्रेलियन यूट्यूबर सारा ने इस अनोखे ट्रेंड का अनुभव लिया और उसे अपने चैनल पर साझा किया।
32,760 येन की दो घंटे की डेट
सारा, जो पिछले एक साल से सिंगल थीं, ने एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से 26 वर्षीय नरुमी नाम के युवक को दो घंटे की डेट के लिए बुक किया। इस अनुभव की कीमत उन्हें पड़ी करीब 32,760 येन (लगभग ₹18,000)।
डेट से पहले नरुमी ने सारा को मैसेज कर उनका मन जीतने की पूरी कोशिश की। वह उन्हें “माय हनी” और “माय क्वीन” जैसे संबोधन से बुलाता था। जब दोनों पहली बार मिले, तो नरुमी के आत्मविश्वास और विनम्रता से सारा इतनी प्रभावित हुईं कि जब उसने उनका हाथ थामा, तो वह शरमा गईं।
खूबसूरत लंच डेट और भावनात्मक जुड़ाव
दोनों ने टोक्यो के एक खूबसूरत स्थान पर लंच डेट की। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ साथ खाना खाया, बल्कि खुलकर हंसी-मजाक और दिलचस्प बातचीत भी की। नरुमी ने सारा को एक मेले में उनके लिए टॉय जीतकर भी दिया, जिसे सारा ने इस डेट की याद के तौर पर रखा।
ये सर्विस है, धोखा नहीं : नरुमी
सारा के पूछने पर कि क्या यह धोखा है, नरुमी ने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ एक प्रोफेशनल सर्विस है, जिसमें भावनाएं बेची नहीं जातीं, बस समय और अनुभव साझा किया जाता है। उसने यह भी बताया कि वह जनवरी 2024 से इस काम में है और हर महीने करीब 10 महिलाओं के साथ डेट करता है। इनमें ज्यादातर यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स और शादीशुदा महिलाएं होती हैं।
नरुमी ने खुलासा किया कि उसने यह काम परिवार और अधिकतर दोस्तों से छिपा रखा है, और यह उसका फुल-टाइम जॉब नहीं है, लेकिन काफी वक्त और ऊर्जा मांगता है।
50 घंटे तक चली डेट और वफादार क्लाइंट्स
नरुमी के मुताबिक, उसकी सबसे लंबी डेट लगभग 50 घंटे तक चली थी। कुछ क्लाइंट्स उसे हर हफ्ते बुक करते हैं। वह एक तरह का भावनात्मक सहारा बन जाता है, खासकर उन लोगों के लिए जो किसी से खुलकर बात करना चाहते हैं, लेकिन पारंपरिक रिश्तों से दूरी बनाए रखते हैं।
पैसों से खुशी खरीदी जा सकती है : सारा
सारा इस अनुभव से इतनी खुश हुईं कि उन्होंने डेट एक घंटे और बढ़ा दी, जिसकी अतिरिक्त कीमत करीब ₹8800 रही। उन्होंने नरुमी से कहा, मैं तुम्हें भूलना नहीं चाहती, और माना कि यह अनुभव भावनात्मक रूप से बहुत खास था, हालांकि महंगा भी।
उन्होंने अंत में यह भी स्वीकार किया कि ऐसी सर्विसेस की लत लग सकती है, और यह एक तरह से भावनात्मक निर्भरता भी बना सकती है।
अकेलेपन के लिए नए विकल्प
जापान जैसे समाजों में जहां पारंपरिक (Rent-a-Boyfriend) रिश्ते जटिल हो चुके हैं और अकेलापन एक बड़ी सामाजिक चुनौती बन चुका है, ऐसे में ‘रेंट-ए-बॉयफ्रेंड’ या ‘रेंट-ए-गर्लफ्रेंड’ जैसी सेवाएं एक नया सामाजिक और मनोवैज्ञानिक आयाम जोड़ रही हैं। सवाल यही है कि क्या यह समाधान है, या एक नया भ्रम?




