पटना, 14 जनवरी। BJP National President : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 19 और 20 जनवरी को किया जाएगा। 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि 20 जनवरी को मतदान के बाद नए अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
लंबे समय से खाली चल रही पार्टी की इस अहम संगठनात्मक कुर्सी के लिए तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। सूत्रों के अनुसार, इस चुनाव प्रक्रिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत पार्टी और संगठन के लगभग 10 वरिष्ठ नेता प्रस्तावक की भूमिका निभाएंगे।
बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी के भविष्य के राजनीतिक और चुनावी रोडमैप के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसी बीच अध्यक्ष पद की रेस में नितिन नवीन का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया है कि फिलहाल नितिन नवीन की दावेदारी सबसे मजबूत (BJP National President) मानी जा रही है।

