महासमुंद, 19 अप्रैल। Operation Nishchay : जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और बसना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 912.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है।
केला ट्रक बना तस्करी का जरिया
तस्कर बड़े ही शातिर तरीके से केले की बोरियों के बीच 29 बोरियों में गांजा छिपाकर परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर एक आईशर प्रो 2059 ट्रक को रोका और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।
फर्जी नंबर प्लेट से पुलिस को कर रहे थे गुमराह
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए ओडिशा और उत्तरप्रदेश के नंबरों वाली चार फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। मौके से ये प्लेटें भी जब्त की गई हैं। इस कार्रवाई में झारखंड निवासी अब्दुल नईम (42) को गिरफ्तार किया गया है। वह ओडिशा से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश में सप्लाई करने की फिराक में था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(C) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही कूटरचना से जुड़े प्रावधान भी जोड़े गए हैं।
4.66 करोड़ की कुल जब्ती
कार्रवाई में गांजा के अलावा करीब 10 लाख रुपए कीमत का ट्रक, दो मोबाइल और चार फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गई हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए बताई जा रही है।
3 महीने में 187 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों (Operation Nishchay) के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में जिले में 72 मामलों में 5629 किलो से ज्यादा गांजा जब्त कर 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 135 आरोपी अन्य राज्यों के हैं। लगातार चेकिंग और सख्ती से जिले में तस्करी पर नियंत्रण पाया जा रहा है।

