भिलाई/दुर्ग, 20 अप्रैल। Wife Killed Husband : छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद के चलते पत्नी ने अपने ही पति की जान ले ली। घटना दुर्ग जिले के कैंप नंबर-2 स्थित दुर्गापारा इलाके की है, जो छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
मृतक की पहचान डोमन साहू (40) के रूप में हुई है, जो श्रम विभाग में संविदा वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। परिवार में उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चे 12 साल की बेटी और 9 साल का बेटा हैं। आरोप है कि पत्नी हीरामणि साहू (35) ने सील-बट्टे से हमला कर पति की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय अग्रवाल भी घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पत्नी खुद (Wife Killed Husband) को लंबे समय से घरेलू हिंसा का शिकार बता रही है। मृतक के भाई महेंद्र साहू ने भी इस संबंध में जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

