चेन्नई, 13 मई। CM Vijay Astrologer Controversy : तमिलनाडु के CM जोसेफ विजय ने भारी विवाद के बाद अपने निजी ज्योतिषी पंडित रिकी राधा वेत्रीवेल की OSD नियुक्ति 24 घंटे के अंदर रद्द कर दी। सहयोगी दलों और विपक्ष ने सरकार को घेरा।
जोसेफ विजय की सरकार में निजी ज्योतिषी की नियुक्ति को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री विजय ने अपने पर्सनल ज्योतिषी और आध्यात्मिक सलाहकार Ricky Radha Vetrivel को मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया था, लेकिन भारी विरोध के बाद 24 घंटे के भीतर ही यह नियुक्ति रद्द करनी पड़ी।
सरकार के प्रधान सचिव द्वारा जारी पत्र में साफ कहा गया कि पंडित रिकी राधा वेत्रीवेल की OSD पद पर नियुक्ति तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाती है।
सहयोगी दलों ने खोला मोर्चा
विजय सरकार के इस फैसले पर सहयोगी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। इदुथलाई चिरुथैगल काची, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने इसे अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।
फ्लोर टेस्ट से पहले VCK विधायक वाणी अरसु ने सरकार से वैज्ञानिक सोच अपनाने की अपील की। वहीं CPI(M) के राज्य सचिव पी शनमुगम ने कहा कि सरकारी खर्च पर किसी ज्योतिषी को अहम पद देना गलत संदेश देता है।
मंत्री ने किया बचाव
तमिलनाडु सरकार के मंत्री निर्मल कुमार ने नियुक्ति का बचाव करते हुए कहा कि रिकी राधा पार्टी के प्रवक्ता भी रहे हैं और किसी भी योग्य व्यक्ति को OSD बनाया जा सकता है। उनका ज्योतिषी होना निजी जीवन का हिस्सा है।
विपक्ष ने कसा तंज
अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम सांसद आईएस ईनाबदुरई ने तंज कसते हुए कहा, दूसरों का भविष्य बताने वाले अपने भविष्य का अंदाजा नहीं लगा पाए। विजय सरकार के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। इस विवाद के बाद पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता और ज्योतिषियों पर उनकी कथित निर्भरता की चर्चाएं भी फिर शुरू हो गई हैं।
विजय पर कितना असर रखते थे रिकी राधा?
पंडित रिकी राधा लंबे समय से विजय (CM Vijay Astrologer Controversy) के करीबी माने जाते रहे हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि शपथ ग्रहण की तारीख और समय तय करने जैसे अहम फैसलों में भी उनकी सलाह ली जाती थी। उन्होंने चुनाव से करीब एक साल पहले TVK की ‘सुनामी जीत’ की भविष्यवाणी भी की थी, जो सही साबित हुई।

