नई दिल्ली, 13 मई। Petrol Diesel Price Hike : भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ा संकेत मिला है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के बाद अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने भी ईंधन कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं।
आरबीआई गवर्नर ने कहा है कि यदि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अमेरिका-ईरान संघर्ष लंबा खिंचता है, तो भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि होर्मुज स्ट्रेट पर संकट गहराने से वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आ रही है।
होर्मुज स्ट्रेट बना सबसे बड़ी चिंता
दुनिया की करीब 20 फीसदी तेल सप्लाई होर्मुज स्ट्रेट से गुजरती है। ऐसे में इस समुद्री रास्ते पर तनाव बढ़ने से भारत जैसे बड़े तेल आयातक देशों पर सीधा असर पड़ रहा है। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए क्रूड ऑयल की कीमत बढ़ने से परिवहन, मैन्युफैक्चरिंग और रोजमर्रा की वस्तुओं की लागत भी बढ़ सकती है।
ग्राहकों पर पड़ सकता है बोझ
स्विट्जरलैंड में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय समिट में आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि सरकार और तेल कंपनियां लंबे समय तक बढ़ती लागत का बोझ नहीं उठा पाएंगी। अगर हालात नहीं सुधरे, तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकारी तेल कंपनियों को मौजूदा समय में हर दिन करीब 1600 से 1700 करोड़ रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके बावजूद कंपनियां बाजार कीमतों से कम दर पर ईंधन बेच रही हैं।
LPG और जेट फ्यूल पहले ही महंगे
मिडिल ईस्ट संकट के बाद सरकार और तेल कंपनियों ने कुछ ईंधन उत्पादों की कीमतें पहले ही बढ़ा दी हैं। 19 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर, 5 किलो LPG सिलेंडर और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए जेट फ्यूल महंगा किया जा चुका है। हाल ही में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में करीब 993 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। हालांकि, घरेलू LPG, पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में पिछले चार साल से कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पीएम मोदी ने भी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नागरिकों से पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने और ईंधन बचाने की अपील कर चुके हैं, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम किया जा सके।
अब RBI गवर्नर और पेट्रोलियम मंत्री (Petrol Diesel Price Hike) के लगातार बयानों के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि आने वाले समय में देश में ईंधन कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

