मनोरंजन डेस्क, 13 मई। Rekha Sindoor Mystery : सदाबहार अभिनेत्री रेखा जब भी किसी इवेंट, अवॉर्ड शो या सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आती हैं, उनकी मांग में लगा सिंदूर लोगों का ध्यान जरूर खींचता है। यही वजह है कि दशकों बाद भी रेखा का सिंदूर बॉलीवुड की सबसे बड़ी मिस्ट्री बना हुआ है।
हिंदू परंपरा में सिंदूर शादीशुदा महिलाओं का प्रतीक माना जाता है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर रेखा आज भी सिंदूर क्यों लगाती हैं, जबकि उनके पति मुकेश अग्रवाल का निधन 36 साल पहले हो चुका है?
7 महीने चली थी शादी, फिर हुआ दर्दनाक अंत
रेखा ने साल 1990 में दिल्ली के बिजनेसमैन और टीवी प्रोड्यूसर मुकेश अग्रवाल से शादी की थी। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका और शादी के महज सात महीने बाद मुकेश अग्रवाल ने आत्महत्या कर ली। उस समय रेखा लंदन में थीं।
पति की मौत के बाद जहां लोग उम्मीद कर रहे थे कि रेखा सिंदूर लगाना छोड़ देंगी, वहीं उन्होंने इसे अपनी पहचान का हिस्सा बनाए रखा।
सिंदूर मुझपर अच्छा लगता है
रेखा से कई बार उनके सिंदूर को लेकर सवाल पूछे गए। साल 1982 में फिल्म उमराव जान के लिए नेशनल अवॉर्ड मिलने के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी ने भी उनसे यही सवाल किया था।
तब रेखा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था, जिस शहर से मैं आती हूं, वहां सिंदूर लगाना फैशनेबल है। वहीं 2008 में दिए एक इंटरव्यू में रेखा ने साफ कहा था, मुझे लोगों की प्रतिक्रियाओं की चिंता नहीं होती। मुझे लगता है कि सिंदूर मुझ पर अच्छा लगता है।
अमिताभ बच्चन से जुड़ता रहा नाम
Amitabh Bachchan और रेखा का रिश्ता हमेशा बॉलीवुड की सबसे चर्चित कहानियों में गिना जाता रहा है। दोनों ने कभी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया, लेकिन अफवाहों का दौर कभी थमा नहीं।
मार्च 2025 में फिल्म इतिहासकार हनीफ़ ज़ावेरी ने दावा किया था कि रेखा और अमिताभ बच्चन आज भी एक-दूसरे के लिए ‘सॉफ्ट कॉर्नर’ रखते हैं। हनीफ़ ने कहा था, एक खास तरह की कोमलता है। अगर अमिताभ बच्चन के साथ कुछ गलत होता है, तो रेखा को लगता है कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। इसी तरह, अगर रेखा के साथ कुछ होता है, तो अमिताभ को भी लगता है कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। यह एक गहरा रिश्ता है।
आज भी कायम है रहस्य
रेखा ने कभी खुलकर यह नहीं बताया (Rekha Sindoor Mystery) कि वह सिंदूर क्यों लगाती हैं। यही वजह है कि उनका यह अंदाज आज भी फैंस और बॉलीवुड प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। किसी के लिए यह फैशन स्टेटमेंट है, तो किसी के लिए अधूरी प्रेम कहानी की निशानी।

