भुवनेश्वर, 24 मई। Food Poisoning : ओडिशा के सुंदरगढ़ जिला में फूड पॉइज़निंग की दर्दनाक घटना सामने आई है। हेमगीर ब्लॉक के नुआडीही गांव में आयोजित दशाह भोज खाने के बाद चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव में आयोजित भोज में खाना खाने के कुछ देर बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मृतकों में नुआडीही गांव के दो पुरुष और झारसुगुड़ा जिला के सुनाखान गांव की दो महिलाएं शामिल हैं।
कई मरीजों की हालत गंभीर
फिलहाल हेमगीर अस्पताल में 13 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि चार गंभीर मरीजों को सुंदरगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं झारसुगुड़ा जिले के चार अन्य प्रभावित लोगों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भोज में परोसा गया खाना दूषित (Food Poisoning) था, जिसकी वजह से लोगों में फूड पॉइज़निंग फैली। स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है।

