रायपुर, 27 मई। Forest Force Chief : छत्तीसगढ़ शासन ने वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी अरूण पांडे को राज्य का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) और वन बल प्रमुख नियुक्त कर दिया है। मंत्रालय से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
अरूण पांडे अब वर्तमान PCCF वी. श्रीनिवासन राव की जगह लेंगे, जो आगामी 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। राज्य सरकार के इस फैसले को वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।
दो दिन पहले हुई थी डीपीसी बैठक
जानकारी के मुताबिक नए PCCF की नियुक्ति को लेकर दो दिन पहले डीपीसी (Departmental Promotion Committee) की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में वरिष्ठ आईएफएस अधिकारियों अरूण पांडे, अनिल साहू और कौशलेंद्र कुमार के नामों पर चर्चा हुई थी। लंबी चर्चा और विचार-विमर्श के बाद आखिरकार अरूण पांडे के नाम पर सहमति बनी और सरकार ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी।
वन विभाग में अनुभव का मिलेगा फायदा
अरूण पांडे को वन प्रशासन और वन्यजीव प्रबंधन का लंबा अनुभव माना जाता है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में राज्य में वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और विभागीय कार्यों में नई गति देखने को मिलेगी।


