रायपुर, 31 मई। CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह तक कई इलाकों में तेज़ आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
प्रदेश के दक्षिण और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने धमतरी, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, जशपुर और रायगढ़ जिलों के कुछ इलाकों में मध्यम दर्जे के तूफ़ान, बिजली कड़कने और तेज़ बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज़ सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
बिलासपुर, कांकेर, नारायणपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, कोरबा, जांजगीर, बलौदा बाज़ार, महासमुंद और गरियाबंद जिलों में हल्के तूफ़ान और बारिश के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
- खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें
- खुले मैदान और खेतों में जाने से बचें
- मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से करें
- तेज़ आंधी के दौरान वाहन सुरक्षित स्थान पर रोकें

