फिरोजाबाद, 31 मई। Child Murder Update : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद कस्बे से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां डेढ़ साल के मासूम बच्चे की सड़क पर पटक-पटककर हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली वारदात का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अब पुलिस ने मुख्य आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से .315 बोर का तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है। आरोपी ने बताया कि उसका बच्चे की मां के साथ प्रेम संबंध था और दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी का दावा है कि महिला उसे ब्लैकमेल कर रही थी, जिसके चलते उसने मासूम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
टॉफी दिलाने के बहाने ले गया, फिर सड़क पर पटककर ली जान
मृतक बच्चे की मां के अनुसार आरोपी उससे शादी करना चाहता था और बच्चे को अपने रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा मानता था। शुक्रवार को महिला एक रिश्तेदार के घर गई हुई थी, तभी आरोपी मासूम को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद उसने बच्चे को सड़क पर पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद वीडियो वायरल होते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। इलाके में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस एनकाउंटर में गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी (Child Murder Update) की तलाश में कई टीमें लगाई थीं। इसी दौरान आरोपी का पुलिस से सामना हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

