मयूरभंज/ओडिशा, 01 जून। Mayurbhanj Tiger Attack : ओडिशा के मयूरभंज जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करंजिया फॉरेस्ट डिवीजन के दुधियानी रेंज स्थित कुमुदाबादी गांव के पास जंगल में एक बाघ ने व्यक्ति को हमला कर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि बाघ ने शव का आधा हिस्सा भी खा लिया। मृतक की पहचान साधु नायक के रूप में हुई है, जो जशीपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव का रहने वाला था।
बकरियों के लिए पत्ते लेने गया था जंगल
जानकारी के मुताबिक, साधु नायक रविवार सुबह अपनी बकरियों के लिए पत्ते लेने जंगल गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।
सोमवार सुबह ग्रामीणों को जंगल में उसके खून से सने कटे हुए पैर और लुंगी मिली। आशंका जताई जा रही है कि बाघ ने उस पर हमला कर उसे मार डाला और शरीर का बड़ा हिस्सा खा गया।
इलाके में दहशत, जांच में जुटा वन विभाग
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। इस खौफनाक घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और बाघ की निगरानी की मांग की है।

