रायगढ़, 01 जून। IPL Betting Racket : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आईपीएल फाइनल GT Vs RCB मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन जब्त की है।
गंज बाजार में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा
रायगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार इलाके में आईपीएल फाइनल मुकाबले पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर थाना और खरसिया पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संयुक्त छापेमारी की।
दो गिरफ्तार, तीन फरार
रेड के दौरान पुलिस ने, गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि वे, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर पूरा नेटवर्क चला रहे थे।
32 लाख कैश और नोट गिनने की मशीन बरामद
पुलिस टीम जब गोपाल राइस मिल कॉलोनी स्थित साहिल अग्रवाल के घर पहुंची, तो वह मौके से फरार हो गया। हालांकि वहां से दो बैग और नोट गिनने की मशीन बरामद हुई। बैगों की तलाशी में 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों सहित कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद मिले। पुलिस के मुताबिक इतनी बड़ी रकम का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
संगठित अपराध की धाराओं में केस दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम और BNS की संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सट्टा कारोबार से जुड़े हर आरोपी पर सख्त (IPL Betting Racket) वैधानिक कार्रवाई होगी।

