दुर्ग, 01 जून। Sushasan Tihar : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बीजेपी नेता और आम जनता से कथित दुर्व्यवहार के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जनपद पंचायत दुर्ग के CEO रूपेश कुमार पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सुशासन तिहार के तहत ग्राम धनीद में आयोजित शिविर के दौरान सामने आए एक वायरल वीडियो के बाद की गई है।
VIDEO वायरल होने के बाद बढ़ा मामला
बताया जा रहा है कि शिविर के दौरान रूपेश कुमार पाण्डेय का आम लोगों और बीजेपी नेता से अशिष्ट व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया।
कलेक्टर की अनुशंसा पर हुआ सस्पेंशन
मामले में रूपेश कुमार पाण्डेय को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। लेकिन उनके जवाब को असंतोषजनक पाए जाने और प्राथमिक जांच में कर्तव्य में लापरवाही व अनुचित व्यवहार की पुष्टि होने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।
सूत्रों के मुताबिक, दुर्ग जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट शासन को भेजी थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज
इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार सुशासन तिहार जैसे कार्यक्रमों में किसी भी तरह की लापरवाही या अभद्र व्यवहार को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।


