नई दिल्ली/गुरुग्राम, 08 जून। Horrific Double Murder : हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम से दिल दहला देने वाला डबल मर्डर मामला सामने आया है। यहां एक सिक्योरिटी ऑफिसर ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी लाइसेंसी पिस्टल से प्रिंसिपल पत्नी और जवान बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने दोनों पर ताबड़तोड़ 14 गोलियां चलाईं। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पत्नी से झगड़े के बाद हुआ खूनी खेल
घटना गुरुग्राम के सेक्टर-5 थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर की है। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय आशा और उनके 25 वर्षीय बेटे प्रशांत के रूप में हुई है। आरोपी अनिल एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर है।
जानकारी के मुताबिक 6 जून की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी दौरान बेटी ऊपर पहुंची तो उसने देखा कि अनिल पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। तभी बेटा प्रशांत बीच-बचाव करने पहुंचा, जिसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली।
14 गोलियां चलाकर पत्नी-बेटे की हत्या
गुस्से में आरोपी ने पत्नी और बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दोनों को कुल 14 गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी बेटी और बहू को भी मारने दौड़ा, लेकिन दोनों ने किरायेदारों के घर में छिपकर अपनी जान बचाई।
लाशों के पास बैठकर रोता रहा आरोपी
डबल मर्डर की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अनिल घर में शवों के पास बैठकर रोता रहा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया गया है।
स्कूल संभालता था पूरा परिवार
मृतक आशा एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल थीं और परिवार स्कूल संचालन से जुड़ा हुआ था। बेटा प्रशांत भी स्कूल का काम संभालता था। पुलिस फिलहाल पारिवारिक विवाद और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

