गोपालगंज, 09 जून। Murder over Love Affair : बिहार के गोपालगंज जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। हथुआ थाना क्षेत्र के सुहागपुर गांव में पूर्व सरपंच के बेटे की हत्या कर शव को गांव के बाहर चंवर में फेंक दिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद मृतक के ही मोबाइल नंबर से उसके भाई के व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर हत्या की जानकारी दी गई।
मृतक की पहचान सोहागपुर पंचायत के पूर्व सरपंच कपिलदेव राम के 23 वर्षीय बेटे अनीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनीश रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
व्हाट्सएप पर आया ‘मौत का कबूलनामा’
सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अनीश के मोबाइल नंबर से उसके भाई के व्हाट्सएप पर एक हैरान कर देने वाला मैसेज आया। संदेश में लिखा था कि प्रेम-प्रसंग के कारण अनीश की हत्या कर दी गई है और शव को फेंक दिया गया है। मैसेज पढ़ते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही हथुआ थाना पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने गांव से सटे बंगरा चंवर से अनीश का खून से लथपथ शव बरामद किया। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं।
प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह?
प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता खुद मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब व्हाट्सएप मैसेज, कॉल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन समेत तकनीकी साक्ष्यों की गहराई से जांच कर रही है।
हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि बंगरा चंवर से एक युवक का शव बरामद किया गया है। युवक रविवार शाम घर से निकला था और सोमवार को उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। एफएसएल टीम की मदद से जांच की जा रही है और पुलिस जल्द मामले का खुलासा करेगी।

