रायपुर, 12 जून। Raipur Police Action : राजधानी में नशे और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रायपुर पुलिस ने बड़ा संदेश देने वाली कार्रवाई की है। 20 से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद कुख्यात महिला अपराधी मुस्कान रात्रे को तीन महीने के लिए छह जिलों की सीमा से बाहर कर दिया गया है। पुलिस इसे अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा मान रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुस्कान रात्रे के खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब कारोबार, मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास सहित 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को देखते हुए प्रशासन ने यह कड़ा कदम उठाया है।
जारी आदेश के तहत मुस्कान रात्रे को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशे के अवैध नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जिला बदर (Raipur Police Action) अवधि के दौरान आरोपी बिना अनुमति प्रतिबंधित जिलों में प्रवेश करती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

