रायगढ़, 12 जून। Sex Racket Exposed : निवासियों की लगातार शिकायतों के बाद, पुलिस ने आखिरकार टीवी टॉवर इलाके में छापा मारा और एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। गुरुवार रात हुई छापेमारी में एक मकान से चार युवतियों और दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। मामले को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस जांच के बाद बड़े खुलासे की तैयारी में जुटी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा एक्ट) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के रहवासियों द्वारा लगातार पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीएसपी मयंक मिश्रा, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम सिंह और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चार युवतियों और दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में अनैतिक गतिविधियों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई हैं, नतीजतन, यह मामला सेक्स रैकेट से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जा सकता है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की पहल का स्वागत किया है। साथ ही बिना पुलिस सत्यापन के मकान किराए पर देने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

