नई दिल्ली, 18 जून। Child Abuse Viral Video : सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया, जिसमें एक व्यक्ति सोते हुए बच्चे पर पानी से भरी बाल्टी उड़ेलता नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद पश्चिमी जिला पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया, जबकि आरोपी पिता को इलाज और देखभाल के लिए रिहैबिलिटेशन सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रघुवीर नगर निवासी 30 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह हाल ही में वैवाहिक विवाद और तलाक के बाद निजी और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अरुण अपने सोते हुए बच्चे पर पानी से भरी बाल्टी उड़ेलता दिखाई दिया, जिसके बाद लोगों ने बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। वीडियो वायरल होने के बाद पश्चिमी जिला पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और बच्चे का पता लगाकर उसे सुरक्षित बरामद किया।
पश्चिमी जिला के डीसीपी ने बताया कि बच्चे को परिवार के सदस्यों के सहयोग से उसकी मां को सौंप दिया गया है। वहीं, पिता को इलाज और देखभाल के लिए एक रिहैबिलिटेशन सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बच्चे की मां से संपर्क किया है और उनकी शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि बच्चे की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

