रायपुर, 18 जून। CM Vishnu Deo Sai Meeting : छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार रात 8.30 बजे मुख्यमंत्री निवास में सभी मंत्रियों की बैठक बुलाई है। आधिकारिक तौर पर इसे विभागीय कामकाज की समीक्षा बैठक बताया जा रहा है, लेकिन बैठक के समय और एजेंडा को लेकर गोपनीयता ने सियासी अटकलों को हवा दे दी है। राजनीतिक गलियारों में इसे मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा और संभावित रणनीतिक फैसलों से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार मंत्रियों को केवल बैठक में शामिल होने की सूचना दी गई है। बैठक का विस्तृत एजेंडा साझा नहीं किया गया है, जिसके चलते सत्ता और संगठन से जुड़े हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की प्रगति, चुनावी घोषणाओं के क्रियान्वयन, लंबित योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों की समीक्षा कर सकते हैं। सरकार आगामी महीनों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने और प्रशासनिक कसावट पर विशेष ध्यान देने की तैयारी में है। ऐसे में मंत्रियों को नए लक्ष्य और समयसीमा भी तय कर दी जा सकती है।
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि भाजपा संगठन में संभावित बदलावों का असर राज्यों की राजनीति पर भी पड़ सकता है। हालांकि सरकार या पार्टी की ओर से मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर अब तक कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।
फिलहाल बैठक को विभागीय समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन एजेंडा सार्वजनिक नहीं होने से मंत्रियों और राजनीतिक पर्यवेक्षकों की निगाहें बैठक के बाद निकलने वाले संकेतों पर टिकी हुई हैं।

