राजनांदगांव, 20 जून। Muskan Tiwari Case : जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगटा में 24 वर्षीय युवती मुस्कान तिवारी की संदिग्ध मौत और कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले से जुड़े विशलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी सील कर दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि जांच और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री से युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर सोमनी थाना और साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर मामले की गहन जांच की।

जबरन शराब पिलाने और दुष्कर्म का आरोप
जांच के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोप है कि तीनों आरोपियों ने युवती को बहला-फुसलाकर जबरन शराब पिलाई। इसके बाद मदहोशी की हालत में उसे विशलिंगवुड्स रिसोर्ट ले जाया गया, जहां मुख्य आरोपी आशुतोष हिरवानी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान युवती को अंदरूनी चोटें भी आईं।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, रिसोर्ट सील
एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आशुतोष हिरवानी, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख और घनश्याम बेलचंदन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना से जुड़े विशलिंगवुड्स रिसोर्ट को नियमानुसार सील कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेजा जा रहा है।
संचालक से थी पहले से पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आशुतोष उर्फ आशु हिरवानी शामिल है, जो कि घटनास्थल वाले रिसोर्ट वुड विसलिंग का संचालक है। इसके अलावा दो अन्य आरोपी घनश्याम बेलचंदन और छत्रपाल आपस में भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आशुतोष के कहने पर ही दोनों भाई इस पार्टी की योजना में शामिल हुए थे और युवती को भिलाई से अपने साथ लेकर आए थे।
होटल और रिसोर्ट संचालकों के लिए सख्त संदेश
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के माध्यम से क्षेत्र के अन्य होटल और रिसोर्ट संचालकों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

