रायपुर, 20 जून। Transporters Demand Land : राजधानी रायपुर में आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण और शहर से बाहर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को स्थानांतरित करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इसी कड़ी में राजधानी गुड्स ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन (RGTOA) की प्रथम ऐतिहासिक आमसभा शुक्रवार को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

बैठक में 200 से अधिक ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए शहर के बाहर प्रस्तावित आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट होने के लिए आवेदन और आवश्यक डेटा फॉर्म भरकर चैंबर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी को सौंपे। ट्रांसपोर्टरों ने मांग की कि शासन-प्रशासन जल्द से जल्द जमीन आवंटित कर उन्हें शहर के बाहर व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करे।
सुनियोजित विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम : सतीश थौरानी
चैंबर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि रायपुर के 200 से अधिक ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों का एक स्वर में शहर के बाहर आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट होने का निर्णय राजधानी के सुनियोजित विकास और भविष्य के व्यापार के लिए ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि चैंबर ऑफ कॉमर्स इस मांग का पूर्ण समर्थन करता है और जल्द ही सभी आवेदनों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर भूमि आवंटन की प्रक्रिया को गति देने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के शहर से बाहर स्थानांतरित होने से रायपुर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। भारी वाहनों का दबाव कम होने से आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी, जबकि माल परिवहन चौबीसों घंटे सुचारु रूप से संचालित होने से व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
रायपुर बन सकता है मध्य भारत का लॉजिस्टिक्स हब
थौरानी ने कहा कि सर्वसुविधायुक्त और आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर विकसित होने से छत्तीसगढ़ को मध्य भारत के एक बड़े लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। इससे व्यापार में पारदर्शिता बढ़ेगी, वाणिज्यिक गतिविधियों का विस्तार होगा और राज्य सरकार को अतिरिक्त कर राजस्व प्राप्त होगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इन पदाधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
बैठक को सफल बनाने में चैंबर सलाहकार गुरजीत सिंह संधू, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष अमरदास खट्टर, दिलीप इसरानी, मंत्री प्रशांत गुप्ता, राजेंद्र पारख और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, एसोसिएशन के अध्यक्ष स्वरूप चोपड़ा के नेतृत्व में महामंत्री नीरज बंसल, विशाल ककलानी, उपाध्यक्ष पिंटू सिंह, सिद्धार्थ भल्ला, सचिव रूपेश चंद्रवंशी, कोषाध्यक्ष उमेश वर्मा, मीडिया प्रभारी विकास अग्रवाल, अंकित जैन और अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने एकमत से प्रस्ताव पारित किया। पदाधिकारियों ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों की यह मांग अब शासन और प्रशासन तक मजबूती से पहुंच चुकी है और इसे आगे भी प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

