Rahul Politics Class : अभनपुर में राहुल गांधी की क्लास…! जिलाध्यक्षों को दिया गुटबाजी से बचने का मंत्र…महंत-टीएस-बैज के साथ बंद कमरे में मंथन

Rahul Politics Class : अभनपुर में राहुल गांधी की क्लास…! जिलाध्यक्षों को दिया गुटबाजी से बचने का मंत्र…महंत-टीएस-बैज के साथ बंद कमरे में मंथन

रायपुर, 21 जून। Rahul Politics Class : 2028 के विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन को धार देने की कवायद तेज कर दी है। इसी रणनीति के तहत अभनपुर में आयोजित जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी ने न सिर्फ संगठनात्मक मजबूती का मंत्र दिया, बल्कि प्रदेश के दिग्गज नेताओं के साथ बंद कमरे में भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर भी मंथन किया।

कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत रविवार को अभनपुर में हुई। शिविर के पहले दिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदेशभर से आए जिलाध्यक्षों से सीधा संवाद किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई अहम सुझाव दिए।

अभनपुर स्थित अग्रवाल मंगल भवन पहुंचे राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों से परिचय प्राप्त करने के बाद उन्हें संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने, गुटबाजी से दूर रहने और प्रदेश में जल, जंगल और जमीन जैसे जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की सलाह दी।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़े मुद्दों के साथ मजबूती से खड़ा होना होगा। उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता पर जोर देते हुए जिलाध्यक्षों को कार्यकर्ताओं के सम्मान और भागीदारी को प्राथमिकता देने की नसीहत दी।

इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत भी मौजूद रहे। राहुल गांधी के संबोधन से पहले सचिन पायलट और दीपक बैज ने भी जिलाध्यक्षों को संबोधित किया।

प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है और कांग्रेस को इसका राजनीतिक लाभ उठाने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने गुटबाजी से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

बंद कमरे में प्रदेश नेतृत्व के साथ मंथन

प्रशिक्षण शिविर स्थल पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में महत्वपूर्ण चर्चा भी की। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट मौजूद रहे।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठनात्मक रणनीति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद राहुल गांधी प्रशिक्षण सत्र में शामिल हुए और जिलाध्यक्षों से रूबरू हुए। प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव ने अपनी टीम के साथ जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया। रविवार को योगाभ्यास के साथ शिविर की औपचारिक शुरुआत हुई। यह प्रशिक्षण शिविर 29 जून तक चलेगा।

About The Author

छत्तीसगढ राजनीति