पेरिस/कार्पेंट्रास, 23 जून। Heat stroke Children Deaths : फ्रांस में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाइयों की जान चली गई। दक्षिणी फ्रांस के कार्पेंट्रास में दो और चार साल के बच्चे अपनी मां की जानकारी के बिना कार में चढ़ गए। मां के घर लौटकर कार लॉक करने के बाद दोनों बच्चे अंदर ही फंस गए और भीषण गर्मी के कारण उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:20 बजे आपातकालीन सेवाओं को सूचना मिली। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने दोनों बच्चों को कार के अंदर अचेत अवस्था में पाया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय अभियोजक हेलेन मौर्गेस ने बताया कि मामले की जांच जारी है, हालांकि प्रारंभिक जांच में लू और अत्यधिक तापमान को मौत का मुख्य कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, बंद कार के अंदर का तापमान 70 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो कुछ ही मिनटों में जानलेवा साबित हो सकता है।
फ्रांस इस समय भीषण हीटवेव की चपेट में है। देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। सरकार ने 49 क्षेत्रों में रेड अलर्ट और 40 क्षेत्रों में ऑरेंज हीट वार्निंग जारी की है। एहतियात के तौर पर 800 से अधिक स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

