रायपुर, 25 जून। Mahtari Vandan Yojana Portal : छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना से वंचित रह गई पात्र महिलाओं के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार जल्द ही इस योजना का पोर्टल दोबारा शुरू करने जा रही है, जिससे नई पात्र विवाहित महिलाएं फिर से आवेदन कर सकेंगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोर्टल री-ओपनिंग की तैयारियां तेज कर दी हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं और उम्मीद है कि आने वाले एक सप्ताह के भीतर आवेदन पोर्टल आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने जानकारी दी है कि योजना के विस्तार पर मुख्यमंत्री की सहमति मिल चुकी है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
चरणबद्ध तरीके से खुलेगा पोर्टल
सरकार इस बार आवेदन प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की योजना बना रही है। पहले चरण में बस्तर संभाग के जिलों में पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी पात्र महिलाओं को ऑनलाइन पंजीयन और आवेदन की सुविधा दी जाएगी।
पहले कई महिलाएं किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाई थीं या पात्र होने के बावजूद सूची में शामिल नहीं हो सकी थीं। नए पंजीयन के माध्यम से उन्हें फिर से योजना का लाभ लेने का अवसर मिलेगा।
योजना का उद्देश्य
महतारी वंदन योजना का मुख्य उद्देश्य विवाहित महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना, परिवार में उनकी भूमिका को सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

