आगरा, 04 जुलाई। Wife Killed Husband : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में रहने वाली महिला रूबी पर आरोप है कि उसने अपने पति सुरेंद्र की हत्या कर शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया। इतना ही नहीं, किसी को शक न हो इसलिए बाथरूम की फर्श पर प्लास्टर कर नई टाइल्स भी लगवा दीं। इसके बाद वह करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक करती रही।
खीर में मिलाईं नींद की गोलियां, फिर दफना दिया शव
पुलिस पूछताछ के मुताबिक, सुरेंद्र नींद की दवा लेते थे। आरोप है कि 18 मई को रूबी ने खीर में 16 से 20 नींद की गोलियां मिलाकर उन्हें खिला दीं। मौत होने के बाद शव को घसीटकर बाथरूम में ले जाया गया। वहां फर्श खोदकर शव दफनाया गया और ऊपर से मिट्टी, गिट्टी डालकर पक्का फर्श बनवा दिया गया।
जिस बाथरूम में दफनाया, उसी का करती रही इस्तेमाल
जांच में सामने आया कि शव दफनाने के बाद भी महिला रोज उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही। पड़ोसियों के पूछने पर वह पति के लापता होने की बात कहकर रोने का नाटक करती थी, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
जेठ को बुलाकर बताया- ‘पति दो फीट नीचे हैं’
मामले का खुलासा तब हुआ जब सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल को पेंशन की रकम को लेकर शक हुआ। शुक्रवार सुबह रूबी ने उन्हें घर बुलाया और कथित तौर पर कहा कि ‘पति बाथरूम में हैं… दो फीट नीचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बाथरूम की फर्श तुड़वाई, जहां से मानव कंकाल बरामद हुआ।
पेंशन और घरेलू विवाद बना वजह?
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में महिला ने बताया कि पति शराब पीकर अक्सर मारपीट और झगड़ा करता था। वहीं, परिवार में पेंशन के पैसों को लेकर भी विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
बयान बदलती रही आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला ने पहले नींद की गोलियां देने की बात कही, फिर दावा किया कि पति ने आत्महत्या की थी और घबराकर उसने शव दफना दिया। पुलिस उसके बयानों की सत्यता और घटनाक्रम की फॉरेंसिक जांच करा रही है।

