पंजाब/तरनतारन, 05 जुलाई। Petrol Attack : पंजाब के तरनतारन जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पत्नी को वापस घर ले जाने की उम्मीद लेकर मायके पहुंचे युवक की कथित तौर पर उसके साले ने पेट्रोल डालकर आग लगाकर हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात का CCTV फुटेज अब सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैमरे में कैद दिखाई दे रही है।
बहस से शुरू हुआ विवाद, कुछ सेकेंड में मच गई चीख-पुकार
पुलिस के अनुसार, 13 जून को अमृतसर के लोपोके गांव निवासी लवप्रीत सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर को मनाने उसके मायके, तरनतारन के संघा गांव पहुंचा था। दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। CCTV फुटेज में आरोपी पर लवप्रीत पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाते हुए देखा जा सकता है।
बचाने दौड़ी साली भी आग की चपेट में
आग लगने के बाद लवप्रीत को बचाने के लिए उसकी साली गुरजीत कौर दौड़ी, लेकिन वह भी आग की लपटों में घिर गई। लवप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी गुरजीत कौर ने कुछ दिन बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पत्नी भी गिरफ्तार, आरोपी साला हिरासत में
तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि मुख्य आरोपी साजन सिंह को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच के दौरान मृतक की पत्नी संदीप कौर को भी मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।
महज 9 महीने पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, लवप्रीत और संदीप कौर की शादी करीब 9 महीने पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद संदीप अपने मायके में रहने लगी थी। लवप्रीत उसे वापस लाने पहुंचा था, लेकिन यह मुलाकात उसकी जिंदगी की आखिरी साबित हुई।

