रायपुर, 07 जुलाई। Raipur Factory Blast : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री की 3D फैक्ट्री में मंगलवार को हुए भीषण विस्फोट से बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 2 से 3 मजदूरों की मौत की आशंका है, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट की प्रारंभिक आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं।
राहत-बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा जा रहा है, जबकि फैक्ट्री परिसर में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
फैक्ट्री प्रबंधन पर उठे सवाल
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह खबर प्रारंभिक जानकारी के आधार पर है। मृतकों और घायलों की संख्या तथा विस्फोट के कारणों को लेकर प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

