रंगा रेड्डी/तेलंगाना, 11 जुलाई। Six Murder Case : तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले के शाबाद मंडल स्थित दैवलागुडा गांव में शनिवार तड़के हुए छहहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुलिस के अनुसार, POCSO एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार होकर बाद में जमानत पर छूटे 28 वर्षीय राज कुमार पर छह लोगों की हत्या का आरोप है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना का संबंध पहले दर्ज POCSO मामले से हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
POCSO आरोपी ने जमानत मिलते ही रचा खूनी खेल
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी पार्वती सरिता (30) और दो मासूम बेटों परीक्षित (3) तथा दैविकक्षित (2) की हत्या की। इसके बाद उस 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या की, जिसने पहले उसके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद लड़की की मां चिट्याला लक्ष्मी (45) और दादी चिट्याला रुक्कम्मा (65) को भी कथित तौर पर मौत के घाट उतार दिया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी को पहले POCSO मामले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में उसे जमानत मिल गई थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या उसी मामले की रंजिश इस सामूहिक हत्याकांड की वजह बनी। अधिकारियों के मुताबिक नाबालिग पीड़िता को पहले खेत में ले जाकर उसके साथ कथित यौन उत्पीड़न किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार रंगा रेड्डी जिले की हाल के सालों में सबसे भयानक वारदात में आरोपी राजकुमार ने पहले दैवलागुडा गांव में अपने घर पर अपनी पत्नी पार्वती सरिता (30) और अपने दो बच्चों – एक चार साल का बेटा और 18 महीने का बच्चे की हत्या की। इसके बाद वह लगभग छह किलोमीटर दूर एक दूसरे गांव में गया, जहां उसने कथित तौर पर 17 साल की एक लड़की की हत्या कर दी। इस लड़की ने 16 मई को उसके खिलाफ POCSO के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। उसने लड़की की मां लक्ष्मी (45) और नानी रुक्कम्मा (65) की भी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरे घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस कमिश्नर बोले- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई टीम
मामले में फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने कहा, ‘शुरुआती जांच से पता चलता है कि आरोपी ने रात में दो अलग-अलग जगहों पर हत्याएं कीं। हत्याओं के बाद, उसने अपने पिता को फोन किया और अपराध के बारे में बताया। आरोपी अभी फरार है। पुलिस की स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और हमें कुछ सुराग मिले हैं। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।’
फोरेंसिक टीमों ने अपराध वाली दोनों जगहों की जांच की है, जबकि जांच अधिकारी घटनाओं के क्रम को समझने और असली मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस संदिग्ध की तलाश कर रही है। चेवेल्ला के DCP योगेश गौतम, ACP, इलाके के CI, गांव के शिक्षक और अन्य लोग जांच और संदिग्ध की तलाश में शामिल हो गए हैं। शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि मारने के लिए बड़े पत्थरों और दूसरी चीज़ों का इस्तेमाल किया गया।

