रायपुर, 17 जुलाई। CG Monsoon Session : छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन सियासी माहौल उस समय और गर्म हो गया, जब साय सरकार के खिलाफ कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार के खिलाफ 136 बिंदुओं का आरोप पत्र सदन में रखा।
चर्चा के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि यह पहली बार हो रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत स्वयं नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि इससे ऐसा लगता है जैसे विपक्ष के सदस्यों को ही अपने नेता पर भरोसा नहीं है।
अजय चंद्राकर के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और विपक्षी विधायकों से हाथ उठाकर नेता प्रतिपक्ष के प्रति अपना समर्थन जताने को कहा। इसके बाद सदन का माहौल कुछ देर के लिए हल्का हो गया।
इस पर अजय चंद्राकर ने फिर चुटकी लेते हुए कहा, ‘ये तो कॉमेडी हो गई। सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव विपक्ष लेकर आया था, लेकिन विपक्ष के नेता प्रतिपक्ष को ही समर्थन जुटाना पड़ गया।’ इस घटनाक्रम के बीच सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी रही।

