रायपुर, 18 जुलाई। Liquor Overtime Scam : छत्तीसगढ़ के चर्चित 172 करोड़ रुपये के शराब ओवरटाइम भुगतान घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW/ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के तत्कालीन प्रबंध संचालक अरुणपति त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड मंजूर की गई है।
क्या है पूरा मामला?
EOW के अनुसार, CSMCL में वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच कर्मचारियों के ओवरटाइम, चार अतिरिक्त दिवस, बोनस और सर्विस चार्ज के नाम पर मैनपावर एजेंसियों को 172 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध भुगतान किया गया। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस राशि का बड़ा हिस्सा कथित तौर पर नकद कमीशन के रूप में सिंडिकेट के माध्यम से अर्जित किया गया।
ED की सूचना के बाद खुला मामला
जांच की शुरुआत तब हुई जब 29 नवंबर 2023 को प्रवर्तन निदेशालय (ED), रायपुर ने तीन व्यक्तियों से 28.80 लाख रुपये नकद जब्त कर इसकी सूचना राज्य शासन को भेजी। इसके आधार पर EOW/ACB ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पहले ही दाखिल हो चुकी है चार्जशीट
EOW ने बताया कि इस मामले में 12 आरोपियों के खिलाफ पहले ही अभियोग पत्र (चार्जशीट) न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। अब अरुणपति त्रिपाठी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान नए साक्ष्य और अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
रिमांड में हो सकते हैं अहम खुलासे
जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ से भुगतान प्रक्रिया, कथित कमीशन नेटवर्क और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। मामले की जांच जारी है।

