रायपुर, 22 जुलाई। Youth Congress-NSUI Leader : राजधानी रायपुर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतला दहन के दौरान हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए युवा कांग्रेस और NSUI के 9 नेताओं व कार्यकर्ताओं सहित अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामला सिविल लाइन थाना में दर्ज किया है।
एफआईआर के अनुसार प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, शासकीय कार्य में बाधा, सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने और सरकारी कर्मचारी को चोट पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
महिला आरक्षक ने दर्ज कराई शिकायत
सिविल लाइन थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 391/2026 के अनुसार महिला आरक्षक सविता यादव की शिकायत पर नीरज पांडेय, अमित शर्मा, संस्कार पांडेय, तारिक अनवर, कुणाल दुबे, प्रशांत गोस्वामी, रामायण सिंह, विकास कुमार, श्रद्धा नाथ समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुतला दहन के दौरान बिगड़े हालात
घटना 21 जुलाई की है, जब दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस और NSUI ने रायपुर के अंबेडकर चौक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करने का कार्यक्रम रखा था। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारियों को कई बार शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने और सड़क बाधित नहीं करने की समझाइश दी गई, लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने आग बुझाई तो प्रदर्शनकारी उग्र हो गए।
महिला आरक्षक का हाथ मरोड़ने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। रास्ता खाली कराने के दौरान महिला आरक्षक सविता यादव का हाथ पकड़कर मरोड़ दिया गया, जिससे उन्हें चोट आई। इस दौरान उनके कंधे पर लगा छत्तीसगढ़ पुलिस का बैज भी गिर गया।
वीडियो फुटेज से होगी अन्य आरोपियों की पहचान
पुलिस ने 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जबकि अन्य अज्ञात प्रदर्शनकारियों की पहचान वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद राजधानी रायपुर में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और कांग्रेस-भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

