रायपुर, 26 जुलाई। CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र (लो-प्रेशर एरिया) के असर से प्रदेश में नमी बढ़ गई है और मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने 26 से 28 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 26 और 27 जुलाई को कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं 28 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश और गरज-चमक देखने को मिलेगी। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी।
मानसून अब भी सामान्य से पीछे
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद इस सीजन में छत्तीसगढ़ का मानसून अभी भी सामान्य से 19 प्रतिशत कम बना हुआ है।
तापमान की बात करें तो रायपुर और दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रारोड प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बिजली कड़कने पर बरतें सावधानी
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
किसान अपनी कटी फसल और अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें।
खुले मैदान में न जाएं।
पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें।
तालाब, नदी या अन्य जल स्रोतों से दूर रहें।
बिजली कड़कने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों (CG Weather Alert) का उपयोग कम करें।

