रायपुर/कांकेर, 27 जुलाई। Malaria Death : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मलेरिया ने दो मासूम बच्चों की जान ले ली। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 25 और 26 जुलाई को मलेरिया से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में 10 वर्षीय सुभाष कुमेटी और 9 वर्षीय करीना विश्वकर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने विस्तृत रिपोर्ट जारी की है।
पहला मामला: आश्रम छात्र की इलाज के दौरान मौत
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सुभाष कुमेटी (10 वर्ष) बालक आश्रम मर्दापोटी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। प्रारंभिक जांच में वह निगेटिव पाया गया था, लेकिन बाद में दोबारा जांच में P. falciparum (PFR) संक्रमण की पुष्टि हुई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार शुरू किया गया और दवा भी दी गई। बाद में परिजन उसे अपने गांव ले गए। तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
दूसरा मामला: 9 वर्षीय बच्ची ने तोड़ा दम
दूसरे मामले में करीना विश्वकर्मा (9 वर्ष) और उसकी दोनों बहनों में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई थी। सभी को उपचार शुरू कराया गया। बाद में बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज कांकेर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग ने क्या कहा?
विभाग के अनुसार, दोनों मामलों में 22 जुलाई को मलेरिया मुक्त अभियान के तहत की गई प्रारंभिक जांच में संक्रमण नहीं मिला था। बाद में दोबारा जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई और उपचार शुरू किया गया। विभाग पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, दवाइयों का पूरा कोर्स लें और मच्छरों से बचाव के सभी उपाय अपनाएं।

