कोरबा, 10 अगस्त। Attempted Rape : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। कटघोरा थाना क्षेत्र में मिले महिला के जले हुए शव के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा साथी फरार है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने महिला के साथ शराब का सेवन किया था। इसके बाद जबरन संबंध बनाने को लेकर हुए विवाद के दौरान महिला की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पहचान और सबूत मिटाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जला दिया गया।
डुमरमुड़ा के पास मिला था जला हुआ शव
कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास 8 अगस्त को एक महिला का जला हुआ शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामला गंभीर होने पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका की पहचान के साथ घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
इसके बाद थाना कटघोरा और साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास जांच शुरू की और विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल की।
ऐसे हुई मृतका की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ थाना क्षेत्र में दर्ज गुम इंसान के मामलों की भी जानकारी जुटाई। मृतका के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि ग्राम अमलडिहा निवासी एक महिला शुक्रवार रात से लापता है। इसके बाद पुलिस ने महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों और घटना से जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटानी शुरू की।
आखिरी बार दो संदिग्धों के साथ दिखी थी महिला
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना से पहले शाम को महिला को किरण कुमार पटेल और अजय कुमार धनवार के साथ देखा गया था। घटना के बाद दोनों संदिग्ध फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में आरोपी ने घटना में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
शराब के बाद विवाद और फिर हत्या
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद महिला और अजय कुमार धनवार के बीच पहले से संबंध होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, बाद में किरण कुमार पटेल ने महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया, जिसको लेकर विवाद हो गया। पुलिस का दावा है कि विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।
सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से महिला के शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। जले हुए शव की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों की मदद ली।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस ने मामले में किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल, निवासी ग्राम अमलडिहा, थाना कटघोरा को गिरफ्तार किया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ जारी है। वहीं, दूसरा आरोपी अजय कुमार धनवार, पिता किताब धनवार, निवासी अमलडीह, थाना कटघोरा अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

