IAS Transfer : IAS तनुजा सलाम बनीं नई कलेक्टर, 2022 में पुलिसवालों का कराया था BP-एल्कोहल टेस्ट; अब मिली इस जिले की कमान

IAS Transfer : IAS तनुजा सलाम बनीं नई कलेक्टर, 2022 में पुलिसवालों का कराया था BP-एल्कोहल टेस्ट; अब मिली इस जिले की कमान

रायपुर, 22 अगस्त। IAS Transfer : छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2019 बैच की IAS अधिकारी तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (MMAC) जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया है। इससे पहले तनुजा सलाम खेल एवं युवा कल्याण विभाग में संचालक के पद पर जिम्मेदारी संभाल रही थीं। तनुजा सलाम ने IAS तुलिका प्रजापति की जगह ली है। तुलिका प्रजापति को अब कबीरधाम जिले का कलेक्टर बनाया गया है।

कौन हैं IAS तनुजा सलाम?

तनुजा सलाम मूल रूप से बस्तर संभाग के कांकेर क्षेत्र से बताई जाती हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका सपना एयर होस्टेस बनने का था, लेकिन उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला किया। उन्होंने राज्य सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल कर राज्य प्रशासनिक सेवा में चयनित हुईं। बाद में उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में प्रमोशन मिला।

2022 की घटना से भी चर्चा में आई थीं तनुजा

तनुजा सलाम वर्ष 2022 में एक पुलिस चेकिंग मामले को लेकर भी चर्चा में रही थीं। उस समय वह दुर्ग जिले में अपर कलेक्टर के पद पर तैनात थीं। जानकारी के अनुसार, अमलेश्वर पुलिस ने रात में चेकिंग के दौरान उनके भाई और भांजे को रोक लिया था। सूचना मिलने के बाद तनुजा सलाम मौके पर पहुंचीं। बताया जाता है कि उन्होंने चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों का ही ब्लड प्रेशर (BP) और एल्कोहल टेस्ट करवाने के निर्देश दिए। घटना उस समय काफी चर्चा में रही थी।

अब संभालेंगी MMAC जिले की कमान

नई जिम्मेदारी के बाद तनुजा सलाम के सामने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने, विकास योजनाओं को गति देने और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की चुनौती होगी।

About The Author

छत्तीसगढ