Neha Pachisia Suspended : कटनी CSP पर बड़ा एक्शन: 82 लाख की जमीन 18 लाख में रजिस्ट्री कराने का आरोप, CM ने किया सस्पेंड

Neha Pachisia Suspended : कटनी CSP पर बड़ा एक्शन: 82 लाख की जमीन 18 लाख में रजिस्ट्री कराने का आरोप, CM ने किया सस्पेंड

कटनी, 22 अगस्त। Neha Pachisia Suspended : मध्य प्रदेश के कटनी में पुलिस विभाग से जुड़ा जमीन विवाद अब बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक मामला बन गया है। कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया पर आरोप है कि पुलिस के दबाव का इस्तेमाल कर करीब 82.86 लाख रुपये की जमीन महज 18.20 लाख रुपये में रजिस्ट्री कराई गई। मामले में कुठला थाने में FIR दर्ज होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबंधित CSP को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

82 लाख की जमीन 18 लाख में कराने का आरोप

मामला कटनी के कुठला थाना क्षेत्र के कन्हवारा गांव स्थित खसरा नंबर 2618/1 की जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि CSP नेहा पच्चीसिया और तत्कालीन कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा ने पद और पुलिसिया दबाव का इस्तेमाल कर रमेश लोधी की जमीन की रजिस्ट्री कराई। सरकारी गाइडलाइन के अनुसार जमीन की कीमत करीब 82 लाख 86 हजार रुपये बताई गई, जबकि दस्तावेजों में इसकी रजिस्ट्री 18.20 लाख रुपये में होना दर्शाया गया। इसमें 15 लाख रुपये चेक और 3.20 लाख रुपये नकद बताए गए।

जांच में बैंक खातों को लेकर भी सवाल

जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल की जांच में कथित तौर पर सामने आया कि दस्तावेजों में खरीदार बनाए गए मारूफ अहमद हनफी के खाते में पर्याप्त रकम नहीं थी। रजिस्ट्री के दिन उसके खाते में अलग-अलग खातों से रकम ट्रांसफर किए जाने की बात जांच में सामने आई। जांच में बैंक खातों में एक ही PAN नंबर दर्ज होने की बात भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की।

हाईकोर्ट के बाद सतर्कता शाखा की जांच

जमीन विवाद को लेकर पीड़ित रमेश लोधी ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था। याचिका खारिज होने के बाद मामले की जांच भोपाल सतर्कता शाखा तक पहुंची। जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई आगे बढ़ी।

CM मोहन यादव ने लिया सख्त एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में पद के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव ने संबंधित CSP को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।

एयर होस्टेस से DSP तक पहुंची थीं नेहा पच्चीसिया

नेहा पच्चीसिया का पुलिस सेवा तक पहुंचने का सफर भी चर्चा में है। जानकारी के मुताबिक उन्होंने 12वीं के बाद एविएशन में डिप्लोमा किया और एयर इंडिया में एयर होस्टेस के रूप में काम किया। बाद में कॉर्पोरेट क्षेत्र में नौकरी करने के बाद उन्होंने MPPSC की तैयारी की। उन्होंने 2012 की MPPSC परीक्षा में प्रदेश में 20वीं रैंक हासिल की थी। गुना में पहली पोस्टिंग के दौरान महिला मोबाइल पुलिस स्टेशन शुरू करने को लेकर भी वह चर्चा में रही थीं। मई 2025 में उन्हें कटनी CSP की जिम्मेदारी मिली थी।

About The Author

मध्यप्रदेश