अहमदाबाद, 09 सितंबर। Para World Archery Series: गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती रिवरफ्रंट में आयोजित हुंडई पैरा वर्ल्ड आर्चरी सीरीज 2026 में छत्तीसगढ़ के पैरा तीरंदाज टोमन कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया है। 4 से 10 सितंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में टोमन कुमार ने तीन पदक अपने नाम किए।
टोमन कुमार ने टीम इवेंट में स्वर्ण पदक, जबकि मिक्स्ड टीम और व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और भारत का गौरव बढ़ाया है।

टीम इवेंट में गोल्ड, दो स्पर्धाओं में ब्रॉन्ज
टोमन कुमार का सबसे शानदार प्रदर्शन टीम इवेंट में रहा, जहां उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं मिक्स्ड टीम स्पर्धा में उन्होंने जम्मू-कश्मीर की शीतल देवी के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता।
इसके अलावा व्यक्तिगत स्पर्धा में भी टोमन कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह उन्होंने एक ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और दो कांस्य समेत कुल तीन पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की।
🏹 भारतीय तीरंदाजी के लिए भी बड़ी उपलब्धि
भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने टोमन कुमार की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि टोमन की यह सफलता छत्तीसगढ़ की तीरंदाजी के लिए गौरवपूर्ण क्षण है और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि टोमन कुमार पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। इस बार एक ही प्रतियोगिता में तीन पदक हासिल करना उनके खेल कौशल, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का प्रमाण है।

🇮🇳 अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का बढ़ा मान
कैलाश मुरारका ने कहा कि व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य, मिक्स्ड टीम में कांस्य और टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। टोमन कुमार ने अपने प्रदर्शन से साबित किया है कि प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की पूरी क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में इस तरह की विश्व स्तरीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन देश के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अहमदाबाद में आयोजित इस प्रतियोगिता से भारत की अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में पहचान और मजबूत हुई है।
गुजरात में आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना
प्रतियोगिता के दौरान भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता स्थल, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने गुजरात सरकार और आयोजन समिति को अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाओं के लिए बधाई दी। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए वर्ल्ड आर्चरी, एशियन आर्चरी और आयोजन समिति के पदाधिकारियों का आभार जताया।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा
कैलाश मुरारका ने टोमन कुमार की सफलता पर छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, तीरंदाजों, प्रशिक्षकों और मैनेजरों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि टोमन की यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के महासचिव आयुष मुरारका ने भी टोमन कुमार को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


