रायपुर, 17 सितंबर। Guest Teacher Salary: छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए ₹18 करोड़ 42 लाख का आवंटन जारी किया है। यह राशि छह माह के मानदेय के भुगतान के लिए जारी की गई है। आदेश के अनुसार अतिथि शिक्षकों का मासिक मानदेय ₹20 हजार निर्धारित है।
लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से 18 सितंबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत कुल 1,535 अतिथि शिक्षकों के लिए यह राशि आवंटित की गई है।
किस जिले में कितनी राशि?
प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए जारी राशि में बलरामपुर में सबसे अधिक 220 अतिथि शिक्षकों के लिए ₹2 करोड़ 64 लाख आवंटित किए गए हैं। वहीं सूरजपुर के 130 अतिथि शिक्षकों के लिए ₹1 करोड़ 56 लाख और सरगुजा के 71 अतिथि शिक्षकों के लिए ₹85 लाख 20 हजार जारी किए गए हैं।
बस्तर संभाग के सात जिलों में भी अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है। इनमें बस्तर के 133 शिक्षकों के लिए ₹1 करोड़ 59 लाख 60 हजार, कांकेर के 126 शिक्षकों के लिए ₹1 करोड़ 51 लाख 20 हजार और कोंडागांव के 141 शिक्षकों के लिए ₹1 करोड़ 69 लाख 20 हजार का आवंटन किया गया है।
इसके अलावा दंतेवाड़ा के 31 अतिथि शिक्षकों के लिए ₹37 लाख 20 हजार, सुकमा के 48 शिक्षकों के लिए ₹57 लाख 60 हजार, बीजापुर के 48 शिक्षकों के लिए ₹57 लाख 60 हजार और नारायणपुर के 36 अतिथि शिक्षकों के लिए ₹43 लाख 20 हजार की राशि स्वीकृत की गई है। इस आवंटन के बाद प्रदेश के संबंधित जिलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के छह माह के मानदेय भुगतान के लिए वित्तीय व्यवस्था उपलब्ध हो गई है।

