समस्तीपुर, 24 सितंबर। Samastipur Girl Viral Video: बिहार के समस्तीपुर जिले में नाबालिग लड़की के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। घटना 23 सितंबर की बताई जा रही है।
मामला कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के बांध का है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अरविंद प्रताप सिंह ने पुष्टि की है कि पीड़िता नाबालिग है और इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक नाबालिग लड़का और लड़की बाइक से बांध पर पहुंचे थे। दोनों वहां बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने नाबालिग लड़के के साथ मारपीट की, जिसके बाद वह वहां से चला गया।
इसके बाद युवकों ने नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने की पुष्टि
वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, संबंधित थाने को FIR दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है।
समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले को स्वतः संज्ञान में लिया और तुरंत विशेष पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। कर्पूरीग्राम थाना अध्यक्ष ने जानकारी दी है कि वायरल वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और छापेमारी कर 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो में दिख रहे अन्य लोग कौन थे। पुलिस का कहना है कि इलाके में अभी भी छापेमारी जारी है और जल्द ही इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

